
ग्वालियर। ग्वालियर जिले के दौरार गांव में पुलिया के नीचे जलभराव की समस्या से त्रस्त ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार की सुबह फूट पड़ा। कई दिनों से हो रही बारिश के कारण पुलिया के नीचे पानी भर गया था, जिससे ग्रामीणों का आना-जाना मुश्किल हो गया था। स्थानीय प्रशासन और रेलवे से कई बार शिकायत के बावजूद जब समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन रोकने की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए ।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि पुलिया के नीचे पानी भरने से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और मरीजों को अस्पताल ले जाना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए अधिकारियों ने जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे के हंगामे के बाद ग्रामीणों ने ट्रेन को जाने दिया और रेलवे ट्रैक खाली कराया। इतनी देर तक इस ट्रैक पर रेल यातायात ठप रहा। फिलहाल स्थिति सामान्य है।
