
रीवा। जिले भर में राजस्व विभाग द्वारा संवाद से समाधान अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत राजस्व अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण करके सीमांकन, अतिक्रमण, रास्ता रोकने तथा अन्य विवादों का मौके पर सुनवाई करके निराकरण कर रहे हैं. इस संबंध में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम भरूहिया में तहसीलदार ने मौके पर कार्यवाही करके जमीन के विवाद का निराकरण किया. तहसील जवा के ग्राम पांती में नायब तहसीलदार राजेश शुक्ला ने विवाद के कारण बंद रास्ते को खुलवाकर विवाद का समाधान किया. जवा तहसीलदार जितेन्द्र तिवारी ने ग्राम कुश्मेदा में विवाद के कारण बंद रास्ते को खुलवाया तथा 18 प्रकरणों का मौके पर निरीक्षण किया. एसडीएम सेमरिया पीके पाण्डेय ने ग्राम डीह तथा ग्राम पडऱी में बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण कर मौके पर सर्वे कार्य शुरू कराया. एसडीएम मनगवां संजय जैन तथा नायब तहसीलदार दिलीप श्रीवास्तव ने ग्राम कोष्टा और सिरखिनी में हाइवे से अतिक्रमण हटाने तथा ग्राम पडऱा तथा चोरगड़ी में बारिश में क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण किया. तहसीलदार गुढ़ ने संवाद से समाधान कार्यक्रम में ग्राम गेरूई में क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण कर सर्वे कार्य शुरू कराया. एसडीएम त्योंथर प्रभाशंकर त्रिपाठी ने ग्राम पंचायत बहरइचा, गाडऱपुरवा और रेरूआ में बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण किया तथा सर्वे कार्य की जानकारी दी.
