
मंडला। थाना महाराजपुर पुलिस ने नशामुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 128 लीटर विदेशी शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 1 लाख 17 हजार 880 रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम मानादेही निवासी विवेक उर्फ विक्की नंदा ने अपने किराए के मकान में अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब जमा कर रखी है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी महाराजपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की शराब की 15 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस के मुताबिक जब्त शराब में गोवा कंपनी, मेकडावल नं.1 रम और व्हिस्की समेत कुल 127.8 लीटर शराब शामिल है। पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की जानकारी दी, जिसे भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
