
भोपाल।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने यूरोप दौरे के तहत बार्सिलोना में निवेश संवर्धन और वैश्विक साझेदारियों के उद्देश्य से एक व्यस्त दिनचर्या के साथ आज सक्रिय रहेंगे। दिन की शुरुआत वे यूरोप के प्रमुख समुद्री और लॉजिस्टिक्स केंद्र ‘मर्कारबेना’ के भ्रमण से करेंगे। इस दौरे के माध्यम से वे मध्यप्रदेश के लॉजिस्टिक्स सेक्टर में संभावनाओं को समझेंगे और यूरोपीय आपूर्ति श्रृंखला मॉडल से सीखने का प्रयास करेंगे।
इसके बाद ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश’ थीम पर आधारित बार्सिलोना बिजनेस फोरम का आयोजन होगा। इस फोरम में डॉ. यादव स्पेन के उद्योग जगत, कॉरपोरेट समूहों और निवेशकों के समक्ष मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीतियाँ, अधोसंरचना परियोजनाएं, प्राथमिक सेक्टर और ग्लोबल साझेदारी मॉडल की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान वे प्रदेश की निवेश क्षमताओं को उजागर करेंगे।
बिजनेस फोरम के उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. यादव संभावित निवेशकों, व्यापारिक प्रतिनिधियों और औद्योगिक समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकों में सीधा संवाद करेंगे। दोपहर बाद वे बार्सिलोना के स्मार्ट सिटी और नवाचार केंद्रों का भ्रमण करेंगे, जहां शहरी प्रबंधन, हरित तकनीक, डेटा-ड्रिवन सेवाओं और स्टार्टअप सहयोग की अवधारणाओं को देखा जाएगा। वे इन तकनीकों की मध्यप्रदेश में संभावित साझेदारी के लिए भी चर्चा करेंगे।
दिन का समापन ‘प्रवासी एवं फ्रेंड्स ऑफ मध्यप्रदेश’ समारोह के साथ होगा, जहाँ वे यूरोप में बसे प्रवासी भारतीयों, व्यवसायियों और सांस्कृतिक प्रतिनिधियों से आत्मीय संवाद कर राज्य के विकास में उनके योगदान का आह्वान करेंगे।