
सीधी । यू-ट्यूबर पर तथाकथित पुलिस प्रताडऩा की जांच के लिये आज सीधी के क्षत्रिय संगठन रॉयल राजपूत संगठन एवं शिवसेना पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर सीधी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन कलेक्ट्रेट में एसडीएम ने लिया। ज्ञापन में निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पुलिस प्रशासन का कर्तव्य जनता की सुरक्षा, न्याय और सेवा करना होता है, लेकिन जब कोई उच्च पदस्थ अधिकारी स्वयं ही अपने अधिकारों का दुरूपरोग करता है तो लोकतंत्र और कानून दोनो के लिये घातक सिद्ध होता है। ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में सामने आये मामले में यू-ट्यूबर राजेश सिंह चौहान के साथ सीधी पुलिस का कृत्य मानवीय गरिमा के विरूद्ध है। जिस व्यक्ति को न्याय की आस में प्रशासन से सहयोग की उम्मीद है उसे अपमान, दबाव और अन्याय का सामना करना पड़ा। ऐसे कृत्य से न केवल पीडि़त व्यक्ति की मानसिक स्थिति पर असर पड़ता है बल्कि समाज में पुलिस प्रशासन की छवि भी धूमिल होती है। ऐसे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जाय ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी अपने पद का इस प्रकार दुरूपयोग करने से पहले सौ बार सोचे। ज्ञापन में मांग की गई है कि इस प्रकरण की न्यायिक जांच करायी जाय तथा संबंधित अधिकारी को उनके पद से हटाकर निष्पक्ष प्रक्रिया द्वारा दण्डित किया जाय। यह समाज, कानून और संविधान की रक्षा के लिये अनिवार्य है।
