नयी दिल्ली, (वार्ता) राज्यों में लॉजिस्टिक्स क्षेत्र (परिवहन एवं माल ढुलाई तंत्र) के विकास की स्थिति पर केंद्र द्वारा जारी एक वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, हरियाणा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, असम, अरुणाचल प्रदेश और चंडीगढ़ तथा दिल्ली अपने अपने समूह में सफल प्रदेश घोषित किए गए हैं।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में “लॉजिस्टिक्स ईज एक्रॉस डिफरेंट स्टेट्स (लीड्स) 2024’ रिपोर्ट जारी की। इस अवसर पर उन्होंने राज्यों से निजी क्षेत्र के साथ मिलकर निवेश आकर्षित करने के लिए बेहतर लॉजिस्टिक्स कारोबार के लिए कार्ययोजना बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंतिम छोर तक सम्पर्क सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रीय और शहर स्तरीय लॉजिस्टिक्स योजनाएं विकसित करने की जरूरत है।
इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव अमरदीप सिंह भाटिया भी मौजूद थे।
रिपोर्ट में राज्यों को तटीय, भूबद्ध, पूर्वोत्तर क्षेत्र और केंद्र शासित प्रदेश- इन चार समूहों में बांट कर उनमें लाॅजिस्टिक्स सुविधाओं की प्रगति के पैमाने पर उन्हें सफल, तेज प्रगति करने वाले और आकांक्षी या प्रयासरत राज्यों की श्रेणी में रखा जाता है। इस रिपोर्ट का उद्येश्य राज्यों के बीच परिवन प्रणालियों से जुड़ी अवसंरचना और अन्य पक्षों के विकास के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बनाना है।
लीड्स 2024 में तटीय समूह के राज्यों में ‘सफल’ श्रेणी में गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा और तमिलनाडु को स्थान मिला है। इस समूह में तेज गति से आगे बढ़ने वाले राज्य की श्रेणी में आंध्र प्रदेश और गोवा तथा आकांक्षी की श्रेणी में केरल और पश्चिम बंगाल को रखा गया है।
भूमिबद्ध समूह के राज्यों में सफल की श्रेणी में हरियाणा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड है। इस समूह के तेज गति से आगे बढ़ने वाले राज्यों की श्रेणी में बिहार, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और राजस्थान को तथा आकांक्षी की श्रेणी में छत्तीसगढ़ राज्य है।
झारखंड पूर्वोत्तर समूह के सफल राज्यों की श्रेणी में असम और अरुणाचल प्रदेश को स्थान मिला है। समूह में तेज गति से आगे बढ़ने वाले राज्यों में मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा तथा आकांक्षी की श्रेाणी में मणिपुर है।
केंद्र शासित प्रदेशों के समूह में सफल की श्रेणी में चंडीगढ़ और दिल्ली, तेज गति से आगे बढ़ने वालों की श्रेणी में दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, जम्मू-कश्मीर, लक्षद्वीप और पुडुचेरी तथा आकांक्षी की श्रेणी में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा लद्दाख का नाम है।
इस कार्यक्रम में श्री गोयल ने लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने वाली बड़ी , छोटी कंपनियों और स्टार्टअप को शील्ड प्रदान किए ।
