प्रो लीग में खराब प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए एक चेतावनी: श्रीजेश

नयी दिल्ली, (वार्ता) भारत के पूर्व महान हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश का मानना है कि एफआईएच प्रो लीग 2024-25 के यूरोपीय चरण में भारतीय टीम का खराब प्रदर्शन अगस्त में होने वाले एशिया कप से पहले एक चेतावनी है।

कल शाम 20वें वेदांत दिल्ली हाफ मैराथन के उद्घाटन समारोह में पत्रकारों से बातचीत में श्रीजेश ने कहा, “मुझे लगता है कि टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया, हमने कई मौके बनाए, हमने मैदान पर कड़ी टक्कर दी, लेकिन कभी-कभी ऐसा होता है कि परिणाम हमारे खिलाफ जाता है। यह परिणाम एशिया कप और अगले साल होने वाले विश्वकप और एशियाई खेलों जैसे अन्य महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों से पहले हमारे लिए एक चेतावनी है।”

भारत एफआईएच प्रो लीग 2024-25 के यूरोपीय चरण में लगातार सात हार के बाद अंक तालिका में आठवें स्थान पर रहा था।

एशिया कप 2025 राजगीर में 27 अगस्त से सात सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। हॉकी विश्वकप 2026 बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में 14 से 30 अगस्त तक खेला जायेगा। एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर, 2026 तक आयोजित होंगे।

श्रीजेश ने इस बात पर खुशी जताई कि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ रहने के लिए दौड़ को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा, “प्रत्येक वर्ष अधिक लोग इसमें शामिल हो रहे हैं और दौड़ना (दिल्ली हाफ मैराथन में) और भी लोकप्रिय होता जा रहा है, यह रोमांचक है, लोगों को स्वयं को चुनौती देनी चाहिए और लय में आना चाहिए।”

भारत की पुरुष राष्ट्रीय अंडर-21 टीम के मुख्य कोच ने कहा कि एक कोच के रूप में उनका मुख्य काम यह सुनिश्चित करना है कि खिलाड़ी दबाव से निपटना सीखें। उन्होंने कहा, “एक कोच के रूप में मेरा काम खिलाड़ियों पर से दबाव कम करना है। मैं उन्हें बताता हूँ कि जूनियर विश्वकप के दौरान लगभग 10 हजार लोग आपका उत्साहवर्धन करेंगे और चिल्लायेंगे, इन बातों को स्वीकार करें। एक कोच होने के नाते खिलाड़ियों के साथ अपने खेल के अनुभव को साझा करना बहुत महत्वपूर्ण है।”

पुरुष एफआईएच हॉकी जूनियर विश्वकप 2025 चेन्नई में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक खेला जायेगा।

 

Next Post

20वीं वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के लिए पंजीकरण शुरू

Fri Jul 18 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के ऐतिहासिक 20वें संस्करण के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन का आयोजन 12 अक्टूबर को होगा और इसे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जायेगा। भारत के पूर्व हॉकी दिग्गज पीआर श्रीजेश […]

You May Like