नयी दिल्ली, 17 जुलाई (वार्ता) इंडिगो की दिल्ली-गोवा उड़ान की बुधवार रात हुई आपात लैंडिग पर मुंबई हवाई अड्डे ने कहा है कि विमान को सुरक्षित उतारने में उसके कर्मचारियों ने पूरा सहयोग दिया है और इससे एयरपोर्ट की नियमित उड़ानों के परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
शिवाजी छत्रपति महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मुंबई की ओर से गुरुवार को जारी बयान में बताया गया है कि इंडिगो विमान के पायलट की ओर से आपात लैंडिंग के अनुरोध के बाद 16 जुलाई की रात नौ बजकर 35 मिनट पर हवाई अड्डे पर पूर्ण आपात स्थिति की घोषणा की गई। विमान रात नौ बजकर 52 मिनट पर सुरक्षित उतरा और पांच मिनट बाद आपात स्थिति हटा ली गई।
दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 6271 को बुधवार रात तकनीकी गड़बड़ी के चलते आपातस्थिति में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया था कि उड़ान भरते समय विमान में तकनीकी खराबी का पता चला था जिसके बाद इसे मुंबई में उतारा गया।
