नाली अतिक्रमण से आक्या गांव में जलभराव ट्रांसफार्मर बना मौत का खतरा

देवास: ग्राम आक्या की नई आबादी स्थित पितावाला मार्ग पर नाली पर अतिक्रमण और जलभराव की गंभीर समस्या ने जनजीवन को संकट में डाल दिया है। बारिश के चलते नाली से जलनिकासी अवरुद्ध हो गई है, जिससे सड़क पर पानी भर गया है। स्थिति इतनी भयावह हो गई है कि पानी के बीच खड़ा बिजली का ट्रांसफार्मर अब जानलेवा खतरे का रूप ले चुका है।

ग्रामीण मोहसीन पिता तेज मोहम्मद द्वारा जिला कलेक्टर को दिए गए आवेदन में बताया गया कि वर्ष 2014 में इस मार्ग पर नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन बीते कुछ वर्षों में कुछ लोगों ने नाली पर मिट्टी और मलबा डालकर अवैध कब्जा कर लिया। नतीजतन बारिश का पानी बह नहीं पा रहा है और आसपास की गलियों व मुख्य सड़क पर भयंकर जलभराव हो गया है।
ट्रांसफार्मर के नीचे पानी, जान जोखिम में
सबसे चिंताजनक स्थिति उस बिजली के ट्रांसफार्मर को लेकर है, जो अब पानी में डूब चुका है। ट्रांसफार्मर का प्रतिबिंब जलभराव में दिखाई दे रहा है, जिससे करंट फैलने की पूरी आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो यह स्थिति किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है।
प्रशासन बना हुआ है मौन
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायतों के बाद भी प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ट्रांसफार्मर को लेकर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं और नाली पर कब्जा भी जस का तस बना हुआ है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में मांग की है कि
नाली पर किया गया अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए।
नई नाली का निर्माण कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए।
ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए या सुरक्षा उपाय किए जाएं।
बारिश के मौसम में जलभराव से निजात दिलाई जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई और कोई हादसा होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।

Next Post

केरल में निपाह के 675 मामले सामने आये

Wed Jul 16 , 2025
तिरुवनंतपुरम, 16 जुलाई (वार्ता) केरल में 675 लोग निपाह वायरस से संक्रमित मरीजों के संपर्क में आये हैं। इनमें से 38 उच्चतम जोखिम की श्रेणी में और 139 उच्च जोखिम वाली श्रेणी में हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने मंगलवार शाम को इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया […]

You May Like