
रेहटी. जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम सुरई के समीप स्थित सोलवी नदी में रविवार को डूबे मालीवायां निवासी व्यक्ति का शव चार किलोमीटर दूर स्थित ग्राम ढाबा के समीप मिल गई है. पत्नी और बच्चे का शव एक दिन पूर्व एसडीआरएफ की टीम द्वारा बरामद किया जा चुका है.
गौरतलब है कि ग्राम मालीबायां निवासी 40 वर्षीय अताउर्रहमान अपनी पत्नी 35 वर्षीय रफत, 10 वर्षीय बेटे रिवजर और ढाई वर्षीय पुत्र ओरम के साथ सुरई के जंगलों में पिकनिक मनाने गए थे. बताया जाता है कि पास में ही बह रही सोलवी नदी में नहाने उतरने के दौरान अताउर्रहमान और उनकी पत्नी रफत व ढाई वर्षीय बेटा ओरम गहरे पानी में डूब गए थे. रविवार दोपहर तीन बजे हुए इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद सर्चिंग ऑपरेशन चलाया था, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला था. सोमवार को एक बार फिर सुबह से सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया गया. कुछ ही देर में मासूम बालक ओरम का शव मिला तथा कुछ आगे महिला रफत का भी शव टीम ने नदी से बरामद कर लिया था. अताउर्रहमान की तलाश कर रही टीम के सामने बारिश अड़चनें पैदा कर रही थी तो शाम का अंधेरा घिरने के कारण अभियान को रोकना पड़ा था. मंगलवार की सुबह एक बार फिर से सर्चिंग अभियान शुरू किया गया. कुछ ही देर बाद लगभग चार किमी दूर ग्राम ढाबा के समीप अताउर्रहमान का शव भी टीम ने तलाश निकाला. पुलिस ने पीएम कर शव परिजनों को सौंप दिया है.
