हाई टेंशन लाइन की जद में निर्माण कार्य, बढ़ रहे हादसे

जबलपुर: शहर की प्रमुख 132 केवी विनोबा भावे व्हीकल फैक्ट्री एक्स्ट्रा हाई टेंशन लाइन, जो नयागांव 220 केवी सबस्टेशन से निकलती है और सुरक्षा संस्थानों एवं वीआईपी क्षेत्रों सहित आधे शहर को विद्युत आपूर्ति करती है, पिछले कुछ माह से लगातार बाधित हो रही है। विगत दिवस करमेता क्षेत्र में एक दो मंजिला मकान के निर्माण कार्य करते समय ट्रांसमिशन लाइन के इंडक्शन जोन में बल्लियों को लगाने और बारिश के कारण सुचालक पथ बनने से यह व्यवधान हुआ।

बीते चार महीनों में तो यह लाइन 10 बार ट्रिप हो चुकी है। मुख्य कारण ट्रांसमिशन लाइन की जद में हो रहे अनाधिकृत निर्माण कार्य हैं, जो विद्युत सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते हुए जनजीवन के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। अधिकांश ट्रिपिंग लाइन के इंडक्शन ज़ोन या सीधे संपर्क में आने के कारण हुई है। एमपी ट्रांसको द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी एवं व्यक्तिगत स्तर पर भी लोगों को बार-बार जागरूक किया गया, फिर भी अनाधिकृत निर्माण नहीं रुक पा रहें हैं। अब प्रशासनिक सहयोग से अभियान चलाकर ऐसे निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।
हादसे को दे रहे चेतावनी
करमेता, जसूजा सिटी व अन्य इलाकों में ट्रांसमिशन लाइन के समीप निर्माण कार्यों के चलते हाल ही में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कहीं मजदूर घायल हुए, तो कहीं वाहनों के ट्रांसमिशन लाइन से संपर्क में आने से विद्युत आपूर्ति में बाधा आयी। गनीमत रही कि कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
तीन वर्षों 600 से अधिक नोटिस
एम पी ट्रांसको के कार्यपालन अभियंता अजय पाल सिंह चौहान ने बताया कि शहर के पोलीपाथर, न्यू शास्त्री नगर, अधारताल, जसूजा सिटी सहित कई क्षेत्रों में हाई टेंशन लाइनों के नीचे अवैध मकान एवं निर्माण कार्य किए गए हैं। एमपी ट्रांसको द्वारा विगत तीन वर्षों में ऐसे मामलों पर 600 से अधिक नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वर्ष 2022, 2023 और अक्टूबर 2024 में भी कई बार चेतावनी दी गई, परंतु निर्माण नहीं रुके। अब जिला प्रशासन के सहयोग से सख्त कार्रवाई की योजना बनाई गई है।

Next Post

खेतों में धान का रोपा लगना शुरु

Mon Jul 14 , 2025
जबलपुर: विगत सप्ताह से हो रही अच्छी बारिश के बाद अब ग्रामीण अंचलों में किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। जहां पर अब बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त मात्रा में पानी भर चुका है, जिससे किसानों ने धान का रोपा लगाने की शुरुआत कर दी है। उल्लेखनीय है कि […]

You May Like

मनोरंजन