जबलपुर: मप्र हाईकोर्ट व जिला अदालतों के प्रत्येक कोर्ट रूम में भारत रत्न डॉ. बाबा साहब भीम राव अंबेडकर की फोटो लगाई जाएगी। इस संबंध में कार्रवाई हेतू प्रदेश के विधि एवं विधायी कार्य विभाग ने हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को पत्र लिखा है। पत्र के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय के ई-मेल और मप्र पिछड़ा वर्ग अधिवक्ता कल्याण संघ जबलपुर के पत्र की कॉपी भी संलग्न की गई है।
दरअसल, इस संबंध में ओबीसी एडवोकेट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व रजिस्ट्रार जनरल को पत्र भेजा था। एसोसिएशन के अध्यक्ष परमानंद साहू व वरिष्ठ अधिवक्ता रामेश्वर सिंह ठाकुर ने बताया कि हाल ही में कर्नाटक हाईकोर्ट ने इस संबंध में फुलकोर्ट आयोजित कर निर्णय लिया था कि सभी अदालतों के कोर्ट रूम में डॉ. अंबेडकर का चित्र लगया जाएगा। इस संबंध में कर्नाटक हाईकोर्ट ने 20 जून को परिपत्र जारी किया था। एसोसिएशन ने समानता के आधार पर मप्र में भी हाईकोर्ट सहित अधीनस्थ अदालतों के सभी न्यायालय कक्षों में डॉ. अंबेडकर का चित्र लगाने की मांग की गई थी
