ममता बनर्जी ने बंगाली पर्यटकों से कश्मीर घूमने की अपील की

कोलकाता, 10 जुलाई (वार्ता) पहलगाम हमले के बाद पर्यटन में गिरावट का सामना कर रहे जम्मू-कश्मीर के प्रति एकजुटता का संदेश देते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंगाली पर्यटकों से इस क्षेत्र की यात्रा करने का आग्रह किया।

उनके साथ जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी थे। जिन्होंने आज शाम राज्य सचिवालय, नबन्ना में अपने बंगाल समकक्ष से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से कहा, “मैं पूजा के बाद कश्मीर जाने की कोशिश करूँगी। हमारी सरकार कश्मीर की हर संभव मदद के लिए तैयार है। हमारे पर्यटकों को कश्मीर जाना चाहिए। डरने की कोई ज़रूरत नहीं है।”

केंद्र सरकार से पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए सुश्री बनर्जी ने कहा, “भारत सरकार को यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने चाहिए कि अधिक पर्यटक जम्मू-कश्मीर आ सकें। सीमा सुरक्षा केंद्र के हाथों में है, इसलिए उन्हें आवश्यक कदम उठाने चाहिए। अगर ज़रूरत पड़े, तो उन्हें उमर अब्दुल्ला से बात करनी चाहिए और उचित कार्रवाई करनी चाहिए।”

एक यात्रा एवं पर्यटन कार्यक्रम में शामिल होने कोलकाता आए श्री अब्दुल्ला ने शाम को सुश्री बनर्जी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “बंगाल से आए प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों से बात की और उनकी शिकायतों और चिंताओं को सुना। मैं प्रतिनिधिमंडल भेजने के लिए दीदी (ममता बनर्जी) का आभार व्यक्त करता हूँ।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं चाहता हूँ कि पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर भविष्य में व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर काम करें। इसीलिए मैंने दीदी को कश्मीर आने का न्योता दिया है।”

श्री अब्दुल्ला उस पाँच सदस्यीय तृणमूल कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का ज़िक्र कर रहे थे जिसे सुश्री बनर्जी ने पहलगाम हमले के बाद कश्मीर भेजा था। इस दल ने श्री अब्दुल्ला और स्थानीय समुदायों से मुलाक़ात की उनकी समस्याओं को सुना और समर्थन का प्रस्ताव रखा।

इससे पहले कोलकाता में यात्रा और पर्यटन पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए श्री अब्दुल्ला ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि जम्मू-कश्मीर की स्थिति में काफ़ी सुधार हुआ है और उन्होंने पश्चिम बंगाल के लोगों को इस क्षेत्र का दौरा करने का हार्दिक निमंत्रण दिया।

श्री अब्दुल्ला ने कहा, “2025 हमारे लिए आसान साल नहीं रहा। इस साल को दो हिस्सों में बाँटा जा सकता है – पहलगाम हमले से पहले और बाद में। लेकिन हम सभी देख रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन फिर से बढ़ रहा है। यह आशा का संदेश है।”

उन्होंने आगे कहा, “अमरनाथ यात्रा भी हो रही है और जम्मू-कश्मीर के लिए सीधी उड़ानों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।”

सुरक्षा संबंधी चिंताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं।

उन्होंने कहा, “पहलगाम घटना के बाद मैं सभी की चिंता समझता हूँ। लेकिन कृपया आश्वस्त रहें कि सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। कृपया उन लोगों की बात सुनें जो हाल ही में पहलगाम से लौटे हैं।”

श्री अब्दुल्ला ने क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी पर भी प्रकाश डाला, जिसमें ज़्यादा सीधी उड़ानें और पहलगाम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक नई पहुँच शामिल है।

उन्होंने कहा, “हम पर्यटकों को एक सुरक्षित गंतव्य प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं। कुछ क्षेत्रों में अभी भी सुरक्षा ऑडिट चल रहे हैं, लेकिन पर्यटन स्पष्ट रूप से फिर से बढ़ रहा है।”

 

Next Post

भोपाल में बुलडोजर कार्रवाई, मकान मालिक ने उठाए सवाल

Thu Jul 10 , 2025
भोपाल। गुरुवार को जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कोकता बाईपास क्षेत्र में एक दो मंजिला इमारत को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार यह निर्माण बिना अनुमति और नक्शे के खिलाफ किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह […]

You May Like