पहली बारिश भी नहीं झेल पाई सवा करोड़ रूपये की सड़क

चितरंगी : आदिवासी बहुल बैगा बस्तियों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत चितरंगी विकासखंड में बनाई गई सड़क की हालत ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।पिपरवान से तेंदुआ बैगा बस्ती तक 2.62 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण अप्रैल 2026 में पूरा होने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन पहली बारिश में ही सड़क की हालत खराब होने लगी। ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद सड़क की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। ऐसे में निर्माण कार्य की जांच और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है। सड़क के किनारे लगे निर्माण संबंधी सूचना बोर्ड के मुताबिक इस परियोजना का पैकेज क्रमांक 50 पीएमजेएम 14 है। बोर्ड पर 133.31 लाख रुपये और 10.06 लाख रुपये की लागत दर्ज है। निर्माण कार्य का कार्यादेश 30 अप्रैल 2025 को जारी हुआ था और इसी दिन काम शुरू होने की तारीख भी दर्ज है। बोर्ड पर कार्य पूर्णता की निर्धारित तारीख 29 अप्रैल 2026 तथा कार्य पूर्ण होने की तारीख 1 जुलाई 2026 अंकित है।
अप्रैल में पूरा हुआ था निर्माण कार्य
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते बारिश के बाद सड़क उखड़ने लगी। यदि आरोप सही हैं तो यह न केवल सरकारी धन के उपयोग पर सवाल है, बल्कि दूरस्थ बैगा बस्ती के लोगों को टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराने के उद्देश्य पर भी प्रश्नचिह्न है। अब सवाल यह है कि निर्माण के बाद सड़क की गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर की गई और यदि सड़क समय से पहले खराब हुई है तो इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी, संबंधित विभाग को मौके पर निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता की जांच करानी चाहिए तथा खामियां मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

Next Post

सेनेगल के पूर्व राष्ट्रपति ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव की दौड़ से नाम वापस लिया

Sun Oct 18 , 2026
डाकर, 18 अक्टूबर (स्पूतनिक/वार्ता) सेनेगल के पूर्व राष्ट्रपति मैकी सॉल ने संयुक्त राष्ट्र (संरा) के महासचिव पद की दौड़ से अपना नाम वापस ले लिया है। अफ्रीकी राजनेता ने शनिवार को एक लिखित बयान में कहा, “मैंने यह फैसला इस उम्मीद में पूरी जिम्मेदारी की भावना के साथ लिया है […]

You May Like