भोपाल, 10 जुलाई (वार्ता) सड़कों के गड्ढ़ों को लेकर मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के एक बयान को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उन पर हमलावर होते हुए कहा कि ये मंत्री का बयान नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की असफलताओं की स्वीकारोक्ति है।
श्री पटवारी ने अपने बयान में कहा कि मंत्री श्री सिंह का सड़कों को लेकर बयान महज बयान नहीं, भाजपा सरकार की असफलताओं की स्वीकारोक्ति है। ये गैरजिम्मेदाराना बयान प्रदेश की जनता के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। यह बयान एक मंत्री की कुर्सी पर बैठे व्यक्ति की संवेदनहीनता और गैरजवाबदेही को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रमुख शहरों की हालत भयावह है। सरकार ने सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन हालात पहले से भी बदतर हैं।
श्री पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव, शहर-शहर जाएगी।
श्री सिंह ने कल अपने बयान में सड़कों के गड्ढों को लेकर कहा था, ”जब तक सड़कें रहेंगी, तब तक गड्ढे होते रहेंगे। उससे मेरा मतलब ये है कि कई बार ये होगा कि किसी सड़क को बने हुए चार साल हो गए, उसकी समयसीमा पांच साल है तो हो सकता है कि चार साल के बाद गड्ढे हो जाएं। लेकिन अगर कोई सड़क ऐसी है, जिसको चार साल तक खराब नहीं होना चाहिए, लेकिन छह महीने में गड्ढे हो गए तो वो गलत है और उस पर कार्रवाई भी होना चाहिए। लेकिन मुझे ध्यान में नहीं आता कि दुनिया में कोई भी ऐसी सड़क भी है जिसमें गड्ढा होता ही नहीं है तो वो तकनीक अभी तक पीडब्ल्यूडी के ध्यान में नहीं आई है।”

