जम्मू, 10 जुलाई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिये आए 7,307 तीर्थयात्रियों का नौवां जत्था पूरे उत्साह उमंग के साथ भगवती नगर में बने यात्री निवास से पवित्र गुफा मंदिर के लिए गुरुवार को रवाना हुआ।
अधिकारियों ने आज यहां बताया कि स्वनिर्मित हिम शिवलिंग दर्शन के लिए तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से 284 गाड़ियों में रवाना हुए। उन्होंने कहा, “आज सुबह 7,307 तीर्थयात्रियों का नौवां जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू आधार शिविर से बाबा बर्फानी की गुफा मंदिर के लिए रवाना हुए।”
अधिकारियों ने बताया कि 4,226 तीर्थयात्री पहलगाम और 3,081 तीर्थयात्री बालटाल के लिए रवाना हुए। इससे पहले केन्द्रशासित प्रदेश के उपराज्यपाल ने 02 जुलाई को बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
