
उज्जैन। बडनग़र मार्ग गंभीर नदी में मंगलवार क्रेन पलटने से 2 ग्रामीण डूब गए थे। एक को तत्काल ही बाहर निकाल लिया गया जो घायल हुआ था दूसरे का कुछ पता नहीं चल पाया था। जिसकी बुधवार सुबह नदी से लाश मिलना सामने आया है।
चिंतामण थाना पुलिस ने बताया कि बडनग़र मार्ग पर गंभीर नदी में क्रेन पलटने पर 2 ग्रामीण के डूबने की सूचना रात में मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने मांगीलाल नामक ग्रामीण को बाहर निकाल लिया था। जो घायल हालत में था उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दूसरा ग्रामीण डूब चुका था जिसकी तलाश करने पर वह नहीं मिला। बुधवार सुबह फिर से डूबे ग्रामीण की तलाश शुरू की गई। कुछ घंटे बाद उसका शव मिल गया जिसकी पहचान संतोष पिता बाबूलाल मकवाना निवासी ग्राम खड़ोदिया इंगोरिया के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि गंभीर नदी में नाव फंस गई थी। जिसके निकालने के लिए क्रेन बुलवाई गई थी। संतोष क्रेन की मदद से नाव निकालने का प्रयास कर रहा था तभी क्रेन गंभीर नदी में जा गिरी। जिसके साथ संतोष भी नदी की गहराई में चला गया था। वही मांगीलाल भी क्रेन के साथ नदी में गिरा था। पुलिस के अनुसार मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच के बाद घटनाक्रम पूरी तरह से स्पष्ट किया जाएगा।
