महिला तीन बच्चों के साथ हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर धरने पर बैठी

शिवपुरी: माधव चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर धरने पर बैठ गई। महिला ने खुद पर पेट्रोल छिड़कते हुए भीम आर्मी नेता ठाकुरलाल जाटव और उनके साथियों पर मारपीट तथा बेटी से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाइश देकर थाने ले गई।

रायश्री गांव निवासी महिला ने बताया कि उसके पति ने उसे छोड़कर दूसरी महिला के साथ रहना शुरू कर दिया है। महिला का आरोप है कि इसमें उसके ममिया ससुर ठाकुरलाल जाटव, सास और देवर की भी भूमिका रही। पति के अलग हो जाने के बाद वह अपने बच्चों के साथ सरकारी जमीन पर बने कच्चे मकान में रहने को मजबूर है।महिला ने आरोप लगाया कि परिवार की पैतृक जमीन ठाकुरलाल जाटव द्वारा बिकवा दी गई, लेकिन उसे उसका हिस्सा नहीं दिया गया। वह लंबे समय से अपने अधिकार की मांग कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

महिला का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर ठाकुरलाल जाटव और उनके साथियों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की गई। महिला ने बताया कि उसने थाने से लेकर एसपी कार्यालय तक शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर उसने माधव चौक पर आत्मदाह की चेतावनी देते हुए प्रदर्शन किया। महिला ने यह भी कहा कि जिस सरकारी जमीन पर वह रह रही है, उसे प्रशासन कभी भी खाली करा सकता है, जिससे वह और उसके बच्चे बेघर होने की आशंका में जी रहे हैं।

Next Post

यातायात पुलिस ने बसों के खिलाफ की कार्यवाही

Fri May 22 , 2026
ग्वालियर: यात्री बसों में सुरक्षा मानकों के शत् प्रतिशत सत्यापन एवं आपातकालीन निकास व्यवस्था के अभाव में कठोर दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करनें 27 मई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत विना परमिट, विना फस्ट एड, विना अग्नि शमन यंत्र के पायी गई बसों पर कार्यवाही […]

You May Like