पचमढ़ी। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में स्थित नागद्वारी गुफा मंदिर में इस साल 19 से 29 जुलाई तक 10 दिवसीय नागद्वारी मेला आयोजित किया जाएगा। यह मंदिर साल में सिर्फ इन्हीं 10 दिनों के लिए खुलता है और यहां पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को सात पहाड़ियों को पार कर 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी होती है। इस बार 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं को लेकर जिला सीईओ सोजन सिंह रावत और एसडीएम पिपरिया अनीशा श्रीवास्तव ने अधिकारियों की टीम के साथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। एसडीओपी मोहित कुमार यादव और तहसीलदार वैभव बैरागी भी इस निरीक्षण दल में मौजूद थे।
सुरक्षा, सुविधाएं और सफाई की व्यवस्थाएं इस प्रकार रहेंगी:
पीडब्ल्यूडी विभाग कच्चे रास्तों और अस्थायी लोहे की सीढ़ियों की मरम्मत करेगा
पीएचई विभाग दुर्गम पहाड़ियों तक पेयजल की पाइपलाइन बिछाएगा
दुर्गम स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और एनडीआरएफ की तैनाती की जाएगी
टैक्सी वाहनों की फिटनेस जांच के बाद ही परमिट जारी किए जाएंगे
कैंट बोर्ड और साडा विभाग सफाई व्यवस्था संभालेंगे
इस यात्रा में श्रद्धालु नागफनी से नाथद्वारा तक पगडंडियों और सीढ़ियों के जरिए गुफा मंदिर तक पहुंचते हैं। महाराष्ट्र से आए सेवाभावी मंडलों ने रास्तों की मरम्मत, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था की मांग दोहराई है।
प्रशासन ने सभी विभागों को समय से काम पूरा करने और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
