173 एकड़ में ग्रीन पार्क और 15 हजार रोजगार: भोपाल में स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का आज भूमि-पूजन

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सतगढ़ी में विकसित होने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। प्रदेश सरकार के अनुसार यह परियोजना मध्यप्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

करीब 173 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह ग्रीन एवं स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क ‘वर्क-लिव-ग्रो’ मॉडल पर आधारित होगा। इसमें उद्योगों के साथ कौशल विकास, नवाचार, आवास और आधुनिक नागरिक सुविधाओं का समन्वित विकास किया जाएगा। परियोजना से 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है।

परियोजना की प्रमुख विशेषता 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर होगा, जिससे भोपाल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की नई पहचान मिलेगी। तेजी से विकसित हो रहा कोलार क्षेत्र निवेश, उद्योग और रोजगार का नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

कार्यक्रम में देश और प्रदेश के 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। सरकार का कहना है कि यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क राजधानी भोपाल में औद्योगिक निवेश, आधुनिक विनिर्माण और रोजगार सृजन को नई गति प्रदान करेगा।

 

Next Post

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों में भारी बारिश की संभावना

Mon Jul 6 , 2026
रायपुर, 06 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से पिछले दो-तीन दिनों से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अनेक हिस्सों में लगातार वर्षा हो रही है, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने आज सुबह अगले 48 घंटों […]

You May Like