जियो फाइनेंस का मुनाफा 156 प्रतिशत बढ़कर 830 करोड़ रुपये हुआ

मुंबई, 16 जुलाई (वार्ता) रिलायंस समूह की वित्तीय कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 830 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ अर्जित किया, जो एक साल पहले की समान तिमाही से 156 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के निदेशक मंडल की गुरुवार को हुई बैठक में वित्तीय परिणामों को स्वीकृति प्रदान की गयी। आलोच्य तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 3.27 गुना होकर 2,004 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। लाभांश को छोड़कर कंपनी की कुल आय 1,496 करोड़ रुपये रही जो सालाना आधार पर 141 प्रतिशत बढ़ी है। लाभांश सहित शुद्ध लाभ 131 फीसदी बढ़कर 970 करोड़ रुपये रहा। जियो फाइनेंस की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कंपनी के प्रवर्तक समूह से पहली तिमाही में 5,934 करोड़ रुपये की दूसरी पूंजी किस्त प्राप्त हुई, जिससे कुल पूंजी निवेश बढ़कर 9,890 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बताया कि उसके सभी व्यवसायों में तेजी से वृद्धि हुई है। जियो क्रेडिट लिमिटेड के ऋण कारोबार, एसेट मैनेजमेंट और पेमेंट्स व्यवसाय में लगातार विस्तार हुआ है। साथ ही जियोफाइनेंस ऐप पर बढ़ती डिजिटल भागीदारी और मजबूत ट्रेज़री संचालन ने नये संयुक्त उपक्रमों को भी मजबूत आधार प्रदान किया है। जियोफाइनेंस ऐप पर प्रतिदिन औसतन 34 हजार उत्पादों की खरीद दर्ज की गयी। रिवॉर्ड कार्यक्रम के तहत 20.4 करोड़ जियोप्वाइंट्स जारी किये गये और 57 लाख ग्राहक इससे लाभांवित होंगे।

जियो क्रेडिट लिमिटेड की कुल प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति (एएमयू) 2.6 गुना की सालाना वृद्धि के साथ 30,667 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। ऋण वितरण 2.7 गुना बढ़कर 11,252 करोड़ रुपये हो गया। जियो पेमेंट्स बैंक की कुल आय 83 करोड़ रुपये रही। यह सालाना 7.7 गुना की वृद्धि दिखाता है। कुल जमा राशि 617 करोड़ रुपये रही जो सालाना 72 प्रतिशत अधिक है। चालू खाता और बचत खाताधारकों की संख्या बढ़कर 39 लाख हुई। सक्रिय बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट नेटवर्क 5,27,037 तक पहुंच गया। जियो फाइनेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हितेश सेठिया ने कहा, “ हमारे सभी व्यवसायों में लगातार मजबूत प्रदर्शन हमारे फुल-स्टैक इकोसिस्टम और प्रभावी क्रियान्वयन की पुष्टि करता है। एआई और डेटा एनालिटिक्स के रणनीतिक उपयोग से हमने पूरी मूल्य श्रृंखला में उल्लेखनीय दक्षता हासिल की है। हम ऋण, निवेश और भुगतान सेवाओं में निरंतर विस्तार कर रहे हैं। देश में निवेश और बीमा जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाओं को देखते हुए हम ब्लैकरॉक और एलियांज के साथ अपने संयुक्त उपक्रमों में निवेश बढ़ा रहे हैं, जिससे आने वाले वर्षों में महत्वपूर्ण लाभ मिलने की उम्मीद है। ”

Next Post

रुपया 17 पैसे टूटा, आठ सप्ताह के निचले स्तर पर

Thu Jul 16 , 2026
मुंबई, 16 जुलाई (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में तेजी से गुरुवार को डॉलर की तुलना में रुपये में गिरावट रही और यह आठ सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया। कच्चे तेल का मानक लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज आधा फीसदी से अधिक चढ़कर 85 डॉलर प्रति […]

You May Like