मुंबई, 08 जुलाई (वार्ता) अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में मंगलवार को 10 पैसे की मजबूती दर्ज की गयी।
बाजार बंद होने के समय रुपया-डालर विनिमय दर 85.7188 के दायरे में रही। कल बाजार 85.8150 के स्तर पर बंद हुआ था।
विश्लेषकों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और शेयर बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई ) की बिकवाली के दबाव में कमी से विदेशी विनिमय बाजार में भारतीय रुपये को सहारा मिला।
अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौतों को लेकर बाजार में आशावाद से भी रुपये की धारणा को मजबूती मिली।
विश्लेषकों के अनुसार रुपये के भविष्य में 85.25 से 86.00 के दायरे में मजबूत रहने की उम्मीद है।
ब्रिटेन का पौंड 116.8170 रुपये, यूरो 100.6064 रुपये पर तथा जापानी येन (प्रति सैकड़ा) 58.6500 रुपये के स्तर पर था।
न्यूयार्क जिंस बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव गिर कर एक समय 66.77 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था। कल बाजार 67 डॉलर के स्तर पर था।
वैश्विक जिंस बााजर में सोना 0.45 प्रतिशत नरम हो कर 3,322 डॉलर के स्तर पर चल रहा था। इसके प्रभाव से स्थानीय बाजार में 440 रुपये की कमजोरी के साथ 96,820 रुपये के स्तर पर था।
विश्लेषकों के अनुसार डालर के मुकाबले रुपये में मजबूती से सोने की कीमतों पर और दबाव है।
वैश्विक बाजार में सोने को 3,330-3,350 डॉलर प्रति औंस के दायरे में कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है, जबकि 3,290 डॉलर एक मजबूत समर्थन स्तर बना हुआ है।

