मंडला: सोमवार शाम से रात तक हुई भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के 24 वार्डों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे घरों व दुकानों में पानी घुस गया। वहीं शहर से करीब 6 किमी दूर आमानाला पुल पार करते वक्त 3 व्यक्ति तेज बहाव में बह गए।रात्रि 2 बजे पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की कि एक व्यक्ति को खुद ही बाढ़ से बच गया लेकिन दो अब तक लापता है। बारिश के चलते उसकी मोटरसाइकिल भी बह गई। लगातार बारिश से रेस्क्यू टीम को भी कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।
नगरपालिका द्वारा कुछ स्थानों पर देर रात जेसीबी की मदद से दीवार गिराकर पानी निकासी की व्यवस्था की गई, फिर भी हालात नहीं संभले। लोगों का गुस्सा रात में ही नगर प्रशासन पर फूट पड़ा।जनता का आरोप है कि पूर्व में नगर पालिका ने बड़े नाले का निर्माण किया था, लेकिन कुछ दुकानदारों ने उस पर अतिक्रमण कर फुटपाथ बना लिया। जिससे बारिश में पानी निकासी बाधित हो रही है। जब भी प्रशासन नाले की सफाई का प्रयास करता है, जनप्रतिनिधियों द्वारा अतिक्रमणकारियों को बचाया जाता है,जो उनके वोट बैंक माने जाते हैं।
लगातार बारिश के पूर्व ही प्रशासन ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की थी, लेकिन अतिक्रमण और जनप्रतिनिधियों की शह से हालात बेकाबू हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में प्रशासन के प्रयास भी सीमित हो जाते हैं, यह भी एक विचारणीय पहलू है ।
