जम्मू, 06 जुलाई (वार्ता) घने कोहरे और खराब मौसम होने के कारण जम्मू के पास त्रिकुटा पहाड़ियों में स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के तीर्थयात्रियों के लिए संचालित हेलिकॉप्टर सेवा रविवार को लगातार तीसरे दिन स्थगित रही।
श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के इच्छुक श्रद्धालु जम्मू के पास कटरा कस्बे से सांझी छत तक हेलिकॉप्टर से सफर करते हैं। एक अधिकारी ने बताया, “ रियासी जिले के इस तीर्थ स्थल में मौसम खराब और घना कोहरा होने के कारण कटरा से सांझी छत तक की हेलिकॉप्टर सेवा तीसरे दिन भी स्थगित रही।” उन्होंने कहा कि तीर्थयात्री पैदल और पिट्ठू, पालकी तथा टट्टू सेवाओं के जरिए भवन तक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मौसम में सुधार होने के बाद ही हेलिकॉप्टर सेवा फिर से शुरू की जाएगी। उन्होंने हालांकि कहा कि तीर्थयात्रियों का मार्गदर्शन करने और किसी भी आपातकालीन स्थिति में सहायता प्रदान करने के लिए श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों को भी मार्ग पर तैनात किया गया है। वर्तमान में, 12,000 से 15,000 तीर्थयात्री प्रतिदिन कटरा आधार शिविर में भवन तक पहुंचने और पवित्र मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंच रहे हैं।
