
सीहोर. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जिले के 2752 विद्यार्थियों के खाते में लैपटॉप क्रय करने के लिए 6 करोड़ 88 लाख रुपए की राशि अंतरित की. लैपटॉप की राशि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में जिले की 1707 छात्राएं और 1045 छात्र शामिल हैं. जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थित आवासीय खेलकूद संस्थान में आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर और कलेक्टर बालागुरू के. सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लैपटॉप की राशि प्राप्त करने वाले एवं जिले की मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावन विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं चेक प्रदान कर सम्मानित किया. मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया.
इस अवसर पर कलेक्टर बालागुरू के ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थी हमारे देश का भविष्य है. विद्यार्थियों का कर्तव्य है कि वे अपने विद्यार्थी जीवन में अधिक से अधिक ज्ञान प्राप्त करें और देश के विकास में सहयोग करें. उन्होंने कहा कि एक शिक्षित युवा ही किसी राष्ट्र को शीर्ष तक पहुंचा सकता है. शिक्षा हमें विनम्रता, सहनशीलता, सौ यता और नैतिकता पूर्ण जीवन जीना सिखाती है. कार्यक्रम में डीईओ संजय सिंह तोमर, जिला परियोजना समन्वयक आरआर उइके, सहायक संचालक सुश्री सलोनी शर्मा सहित अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे.
लैपटॉप की राशि मिलने पर सभी प्रतिभावन विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी. लैपटॉप की राशि प्राप्त करने वाली कुमारी शालू राठौर, कुमारी नेहा, कुमारी खुशी, कुमारी तनिषा लोधी और छात्र हितेश दुबे सहित सभी विद्यार्थियों ने सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सहायता न केवल हमारे शैक्षणिक सफर को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगी. बल्कि हमें आगे बढऩे के लिए और अधिक प्रेरित भी करेगी. सरकार द्वारा विद्यार्थियों के सपनों को समझना और उन्हें प्रोत्साहित करना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है. हम मुख्यमंत्री डॉ मोहन प्रदेश सरकार को धन्यवाद देते हैं, जिन्होंने शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए हम जैसे छात्रों के भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में यह सशक्त कदम उठाया. उन्होंंने कहा अब हमारे सपने एक नई उड़ान भरने के लिए तैयार हैं.
