इंदौर:कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित महारानी रोड पर स्थित एक कॉम्प्लेक्स की पार्किंग में चोरी की नीयत से घुसे एक युवक ने विरोध करने पर वहां मौजूद व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. आरोपी मौके से भाग गया, लेकिन जाते-जाते जान से मारने की धमकी दे गया. घटना में पीड़ित घायल हो गया, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.घटना गोयल कॉम्प्लेक्स की है, जहां उषा नगर निवासी 48 वर्षीय सुनील पंजाबी पहुंचे थे.
उन्होंने देखा कि एक युवक उनकी कार की डिक्की खोले खड़ा है. जब सुनील ने उससे पूछताछ की तो आरोपी भागने की कोशिश करने लगा. सुनील ने उसे रोका तो आरोपी ने पहले गाली-गलौज कर विवाद शुरू किया और फिर कमर के पास किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे खून बहने लगा. पीड़ित ने बताया कि उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने उनके साथ मारपीट भी की, जिससे उनके हाथ में चोट आई.
हमले के बाद आरोपी ने धमकी देते हुए कहा, “मेरा नाम आवेश है, तू मुझे नहीं जानता. आज तो बच गया है, आगे से उलझेगा तो जान से खत्म कर दूंगा. फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले, धमकी और मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है.
