
उज्जैन. भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल गुरुवार को उज्जैन पहुंचे, यहां सर्किट हाउस पर 10 मिनट रुकने के बाद सीधे महाकाल मंदिर पहुंचे और गर्भगृह में न जाते हुए चांदी द्वार से ही उन्होंने बाबा के दर्शन पश्चात नंदी हाल में ध्यान लगाया, देश प्रदेश की सुख समृद्धि के लिए कामना की. कालिदास अकादमी में उद्बोधन देते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल ने कहा कि पद का घमंड कभी मत करना हम सब पानी के बुलबुले हैं. उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर नानाखेड़ा पहुंचकर माल्यार्पण भी किया.
नवभारत से चर्चा में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मेरी आत्मीय इच्छा थी कि प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्यकाल प्रारंभ करने के पहले बाबा महाकाल के दर्शन करूं, इसलिए आज उज्जैन आया हूं. कार्यकर्ताओं से भी भेंट करूंगा और इसके पश्चात संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाऊंगा. कालिदास अकादमी में भगवान जगन्नाथ जी की मौसी का घर भी बनाया है, गुंडिचा मंदिर में इस्कॉन प्रबंधन ने 5 जुलाई तक जो आयोजन रखा है. उसमें नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी पहुंचे और दर्शन पूजन किया.
संगठन की सेवा प्रमुख दायित्व
कालिदास अकादमी में नगर एवं जिला ग्रामीण भाजपा के संयुक्त तत्वाधान में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का स्वागत कार्यक्रम रखा गया था, यहां पर उद्बोधन देते हुए श्री खंडेलवाल ने कहा कि बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर मेरी यात्रा प्रारंभ कर रहा हूं और सार्वजनिक तौर पर यह मेरा पहला उद्बोधन है. हम सब सागर की एक बूंद है पानी के बुलबुले हैं, कभी यहां तो कभी वहां, आप कभी घमंड मत करना, पद तो आते जाते रहते हैं. संगठन की सेवा करना हम सब का प्रमुख दायित्व है. संचालन नगर महामंत्री सत्यनारायण खोईवाल ने किया।.राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेश नाथ महाराज , प्रभारी हितानंद शर्मा ,विधायक अनिल जैन कालूहैड़ा, सांसद अनिल फिरोजिया ,नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल ,जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजेश धाकड़, विधायक सतीश मालवीय से लेकर बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे.
अगले 100 साल तक के लिए पार्टी को मजबूत करें
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी जरूरत के हिसाब से कभी यहां तो कभी वहां बैठा सकती है, बड़े पद मिल जाए तो गुमान मत करना. छोटा पद मिल जाए तो मन बड़ा रखना. जो काम आपको मिला है, वह पूरे मन से करें. पूरे भारत में पार्टी को मजबूत करना है, अगले 100 साल तक यदि भारत को मजबूत करना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह बीजेपी आगे बढ़ रही है ,उसे और आगे ले जाने का काम करना है.
अंतिम पंक्ति में खड़ा कार्यकर्ता मेरा परिवार
उन्होंने कहा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में हम प्रदेश में नए आयाम गढ़ रहे हैं, जहां भी कमी है उसे हमें दूर करना है. अंतिम पंक्ति में खड़ा भाजपा का कार्यकर्ता भी मेरा परिवार है. आदिवासी अंचल के लोग मेरा परिवार है, सिर्फ बैतूल का नहीं, मैं पूरे प्रदेश के नेता कार्यकर्ताओं का सम्मान करता हूं. एक माला के मोती है हम. हमें अनुशासन में रहना है. महाकाल का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ रहा हूं ,आप सब पार्टी और संगठन का साथ दे। मैं आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करूंगा.
