
शिवपुरी। जिले में बुधवार रात से आज गुरुवार की शाम तक जारी तेज बारिश ने कई गांवों को तर कर दिया। कोलारस अनुविभागीय क्षेत्र के मोहरा, चनैनी और गोरा गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। बारिश का पानी स्कूल, मंदिर और दर्जनों घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आज गुरुवार सुबह मोहरा गांव में हुई मूसलधार बारिश के कारण गांव की गलियों में 3-4 फीट तक पानी भर गया। कई घरों में पानी घुस गया और लोगों के जरूरी सामान डूब गए। ग्रामीणों ने बताया कि हालात पूरी तरह से बिगड़ चुके हैं। चनैनी गांव में भी रात भर की बारिश से कई घरों में पानी भर गया। लोगों का सामान भीग गया और दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों ने मदद की मांग की है। कोलारस-मोहराई के बीच बना रपटा तेज बारिश से उफान पर आ गया है। प्रशासन ने आवाजाही बंद कर दी है, लेकिन कुछ ग्रामीण अब भी जान जोखिम में डालकर पार कर रहे हैं।
