
जबलपुर। एसटीएफ जबलपुर ने उड़ीसा से लाई गई 120 किलो गांजे की खेप के साथ गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ जबलपुर के निरीक्षक गनेश सिंह ठाकुर एवं निकिता शुक्ला ने बताया कि मानपुर ताला की ओर से उमरिया तरफ आ रहे बिना नम्बर की स्विफ्ट डिजायर कार को जबलपुर एसटीएफ ने ताला वन विभाग के बैरियर पर रोका। जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें रखे बोरे में 120 किलो गांजा रखा मिला। कार चालक शिवम उर्फ इन्द्र बहादुर सिंह पिता प्रेम नारायण सिंह वैश्य 27 वर्ष निवासी ग्राम व पोस्ट बरतरा, थाना खैरहा, तहसील बुढार जिला शहडोल, एवं पीछे सीट पर बैठे करन सिंह पिता ध्रुव बहादुर सिंह चंदेल 30 वर्ष निवासी सोहागपुर वार्ड नं. 04, ख्वाजा नगर, बाणगंगा, सोहागपुर, शहडोल एवं प्रदीप कुमार पटैल पिता राजबली पटैल 34 वर्ष निवासी ग्राम सिगुडी थाना मानपुर जिला उमरिया को पकड़ा गया। तीनों आरोपियों के कब्जे से गांजा समेत कार, पांच मोबाइल जब्त किए गए। कार्यवाही पुलिस अधीक्षक एसटीएफ राजेश सिंह भदौरिया एवं एआईजी नवीन कुमार चौधरी के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्रीमति कल्याणी वरकडे एवं संतोष तिवारी के नेतृत्व में टीम द्वारा की गई।
