
सीधी। थाना बहरी पुलिस ने 63 लीटर अवैध देशी शराब सहित कार चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दिनांक 14-15 जून 2026 की रात्रि में थाना बहरी पुलिस की गश्ती टीम को ग्राम मयापुर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक आल्टो कार में अवैध शराब लोड कर अमिलिया की ओर से सीधी ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोन नदी पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन आल्टो कार क्रमांक एमपी 53 जेडए 6057 को रोककर जांच की।
वाहन चालक से पूंछताछ करने पर उसने अपना नाम मिथुन सिंह बघेल 23 वर्ष निवासी ग्राम लकोड़ा, थाना कमर्जी, जिला सीधी बताया। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में रखी 07 पेटियों में कुल 350 पाव (63 लीटर) अवैध देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 28 हजार रुपये है। आरोपी द्वारा शराब परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने अवैध शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, आरक्षक प्रभात तिवारी, आरक्षक संदीप सिंह गुर्जर एवं आरक्षक राजकमल भुर्तिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
