भाजपा, विहिप ने की प्रियांक की कड़ी आलोचना

नयी दिल्ली (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर प्रतिबंध लगाने की बार-बार की गई मांग की मंगलवार को कड़ी आलोचना की।

भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद किरण चौधरी समेत अन्य नेताओं ने आज कर्नाटक के मंत्री प्रियांक की आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की बार-बार की गई मांग की कड़ी आलोचना की और कांग्रेस को इंदिरा गांधी के शासनकाल में इसी तरह के कदम के राजनीतिक नतीजों की याद दिलाई।

श्री प्रियांक की टिप्पणी का जिक्र करते हुए श्री रविशंकर प्रसाद ने कहा,“जब इंदिरा गांधी ने आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की, तो इसका उल्टा असर हुआ – वह हार गईं। आज आरएसएस दुनिया के सबसे बड़े संगठनों में से एक है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खरगे) के बेटे के बारे में हम क्या कह सकते हैं? कम से कम अपने कद के हिसाब से तो बोलें।”

इसी भावना को दोहराते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने श्री प्रियांक को इतिहास दोहराने की चेतावनी देते हुए कहा,“हां, श्रीमती इंदिरा गांधी ने एक बार आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था और हम सभी ने उनका पतन देखा। अब उनका भी यही हश्र होगा।”

संघ के योगदान पर जोर देते हुए श्री सिंह ने कहा,“1971 के युद्ध, बाढ़ और हर संकट के दौरान आरएसएस कार्यकर्ता सबसे पहले मदद करने वाले रहे हैं। जो लोग उनकी आलोचना करते हैं, वे यह भी नहीं समझते कि आरएसएस का क्या मतलब है।”

भाजपा सांसद किरण चौधरी ने भी कांग्रेस मंत्री की टिप्पणियों की आलोचना की और उन्हें ‘मूर्खतापूर्ण और बेहद गैरजिम्मेदाराना’ बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान गहरी अज्ञानता से उपजते हैं। उन्होंने कहा,“आरएसएस पूरी तरह से राष्ट्र के प्रति समर्पित व्यक्तियों से बना है। वे देश की सेवा करने और इसकी संस्कृति को संरक्षित करने के लिए अपना सब कुछ – यहां तक ​​कि अपना घर भी छोड़ देते हैं।”

भाजपा का यह तीखा जवाब दोनों दलों के बीच नए सिरे से राजनीतिक टकराव के बाद आया है जिसमें श्री प्रियांक की टिप्पणियों ने भारतीय समाज में संघ की भूमिका और विरासत को लेकर लंबे समय से चली आ रही वैचारिक लड़ाई को फिर से हवा दे दी है।

इस बीच विहिप ने आज श्री प्रियांक खड़गे पर तीखा हमला किया और उन पर राष्ट्रीय आरएसएस के बारे में गलत और गैरजिम्मेदाराना टिप्पणी करने का आरोप लगाया तथा कांग्रेस पार्टी को भारत विरोधी करार दिया।

विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने एक बयान में कहा,“श्री प्रियांक खरगे के तर्क बहुत ही विकृत मानसिकता से आते हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने सनातन धर्म के बारे में विवादास्पद टिप्पणी की है। उनका सार्वजनिक कद नगण्य है, वह केवल बकवास करते हैं। बिहार में श्री खरगे द्वारा दिए गए बयान का जिक्र करते हुए श्री बंसल ने कहा कि अगर कांग्रेस केंद्र में सत्ता में लौटती है तो आरएसएस पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। उन्होंने कहा,“उन्होंने ऐसे दावे किए लेकिन वे उन पर अमल नहीं कर पाए। कांग्रेस पार्टी ने तीन बार आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की है – हर बार उसे शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा।”

 

Next Post

एलीट महिला मुक्केबाजी टूर्नामेंट: रेलवे ने जीता टीम खिताब, नीतू, लवलीना चमकीं

Wed Jul 2 , 2025
हैदराबाद, (वार्ता) रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) एलीट महिला मुक्केबाजी टूर्नामेंट में शीर्ष प्रदर्शन करने वाली इकाई के रूप में उभरा, जिसने तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित कुल नौ पदकों के साथ समग्र टीम खिताब हासिल किया। अंतिम दिन विश्व और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता […]

You May Like