भारत, पाकिस्तान ने कैदियों की सूची का किया आदान प्रदान

नयी दिल्ली, 01 जुलाई (वार्ता) विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत तथा पाकिस्तान ने अपने-अपने देशों में हिरासत में रखे गये आम नागरिकों तथा मछुआरों की रिहाई के वास्ते सूची का आदान प्रदान किया है।

भारत पाकिस्तान के बीच 2008 में हुए एक समझौते के तहत हर साल जनवरी और जुलाई में ऐसे कैदियों की सूचियों का आदान-प्रदान किया जाता है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार भारत ने अपनी हिरासत में रखे गये 382 पाकिस्तानी कैदियों और 81 मछुआरों के नाम पाकिसतान को दिए हैं जबकि पाकिस्तान ने अपनी हिरासत में रखे 53 भारतीयों और 193 मछुआरों के नामों की सूची भारत को सौंपी है।

प्रवक्ता ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान की हिरासत में मौजूद अपने कैदियों, मछुआरों और उनकी नावों तथा लापता भारतीय रक्षा कर्मियों की शीघ्र रिहाई तथा स्वदेश वापसी का आह्वान किया है।

उन्होंने पाकिस्तान से उन 159 भारतीय मछुआरों और नागरिक कैदियों की रिहाई में तेजी लाने को भी कहा है, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है। इसके अलावा 26 ऐसे कैदी हैं जिन्हें भारतीय नागरिक माना जाता है इसलिए सरकार ने इन कैदियों और मछुआरों को तत्काल कानूनी सुविधा उपलबध कराने को कहा है।

भारत ने यह भी कहा है कि उन सभी भारतीय कैदियों और मछुआरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए जिनकी रिहाई लंबित है।

Next Post

मंत्रिमंडल ने एक लाख करोड़ रुपए कोष वाली आरडीआई योजना को मंजूरी दी

Tue Jul 1 , 2025
नयी दिल्ली, 01 जुलाई (वार्ता) केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने एक लाख करोड़ रुपये के कोष के साथ शोध विकास एवं नवाचार (आरडीआई) योजना को मंगलवार को मंजूरी दे दी । मंत्रिमंडल की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में यहां हुई बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी। सूचना […]

You May Like