भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक बनेगी टू लेन रोड़, अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम

सीहोर. आखिरकार भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक बनने वाले टू लेन रोड़ का मार्ग प्रशस्त हो गया है. सड़क निर्माण में बाधक अतिक्रमण को हटाने के लिए नपा द्वारा पूर्व में दिए गए नोटिसों के बाद अब मंगलवार को महज अगले 24 घंटे में अपने अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी गई है.

आवागमन को आसान बनाने के लिए भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक टू- लेन सड़क का निर्माण लंबे समय से प्रस्तावित है. कई माह पूर्व नपा द्वारा भोपाल नाका से कोतवाली चौराहे तक निर्माण कार्य में बाधक बनने वाले अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस थमाए जा चुके हैं. इसके अलावा मकानों व दुकानों के उन हिस्सों पर लाल निशान लगाए हुए अर्सा बीत गया जिन्हें तोड़ा जाना था, लेकिन हर बार बात नोटिस थमाने से आगे नहीं बढ़ी थी, लेकिन मंगलवार को एक बार फिर जिला प्रशासन के आदेश पर अमला सक्रिय हुआ. नपा के सहायक यंत्री विजय कोली, राजस्व विभाग के पटवारी संजय राठौर व अन्य कर्मचारी कोतवाली चौराहे पर पहुंचे. इस दौरान एक- एक अतिक्रमणकारी को उनके कब्जे हटाने को कहा गया. इसके लिए उन्हें महज 24 घंटे की मोहलत दी है. इसके पश्चात अमले द्वारा अतिक्रमण हटाया जाएगा और इस पर होने वाला खर्च संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा.

नपा के सहायक यंत्री विजय कोली ने बताया कि इस मार्ग को बनाए जाने से पहले अतिक्रमण को हटाए जाने की कार्रवाई की जाएगी. उसके बाद सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक से फुटपाथ का निर्माण होगा और बीच में डिवाइडर बनाया जाएगा. डिवाइडर पर लाइटिंग के साथ पेड़-पौधे भी लगाए जाएंगे.

व्यस्ततम मार्ग होने के कारण टूलेन निर्माण जरूरी

अतिक्रमण हटने के बाद यह सड़क 11 मीटर चौड़ी बनेगी. भोपाल नाके से कोतवाली चौराहे तक अभी 9 मीटर चौड़ी सड़क है. अब यह सड़क 11 मीटर चौड़ी हो जाएगी. इससे आवागमन और आसान हो जाएगा.

अतिक्रमण हटने के बाद निर्माण करेंगे

हमारे द्वारा पूर्व में दो बार भोपाल नाका से कोतवाली चौराहे तक सड़क निर्माण में बाधक बन रहे अतिक्रमण को हटाने के नोटिस दिए थे. मंगलवार को उन्हें अंतिम चेतावनी देकर 24 घंटे में अतिक्रमण हटाने कहा है.

विजय कोली,

सहायक यंत्री, नगरपालिका

Next Post

जनसम्पर्क आयुक्त खाड़े ने संचालनालय में किया पौध-रोपण

Tue Jul 1 , 2025
भोपाल. आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े ने मंगलवार को जनसम्पर्क संचालनालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया. उन्होंने अशोक और गुलमोहर का पौधा लगाया. इस अवसर पर जनसम्पर्क के स्टाफ ने आयुक्त जनसम्पर्क को उनके जन्मदिवस के अवसर पर बधाई दी. इस दौरान अपर […]

You May Like