इंदौर: जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल जामगेट पर मस्ती करने पहुंचे कुछ युवकों की हरकतें जब हद से बाहर हो गईं, तो वहां मौजूद दुकानदारों और कर्मचारियों ने मिलकर उनकी जमकर पिटाई कर दी. विवाद उस समय भड़का जब युवकों को अनुशासन में रहने की समझाइश दी गई, लेकिन उन्होंने पलटवार की कोशिश की.
रविवार को जामगेट पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों में से एक अशोक सिंह जादौन और सत्यम चौहान ने बतायाकि घटना रविवार की है, करीब दस युवक गेट के पास हूड़दंग कर रहे थे.
कर्मचारियों और दुकानदारों ने जब उन्हें रोका तो पहले कहासुनी और फिर हाथापाई की स्थिति बन गई. मामला इतना बढ़ा कि चार से पांच युवकों को घेरकर जमकर पीट दिया. दोनों युवकों ने वहां का विडीयो बताते हुए कहा कि इन युवकों ने कर्मचारी और दुकानदारों के हाथों से डंडे छीनने की कोशिश भी की, जिसके बाद स्थानीय लोग और ज्यादा आक्रोशित हो गए थे, घटना के दौरान कुछ हुड़दंगी मौके से भाग निकले, लेकिन कर्मचारी और व्यापारी बाइक लेकर उनके पीछे दौड़ पड़े और रास्ते में दौड़ा-दौड़ाकर उन्हें भी पीटा.
इस घटनाक्रम ने जामगेट जैसी शांत जगह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जामगेट जैसे भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. पुलिस या प्रशासन की कोई सक्रिय मौजूदगी नहीं थी, जिससे विवाद को समय रहते रोका नहीं जा सका. अब घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर चर्चा गर्म है.
