महक नरवासे भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान नियुक्त

राजनांदगांव, 11 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की युवा क्रिकेटर महक नरवासे को आगामी श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।
जिले की कोरिनभाठा निवासी महक ने अपने खेल कौशल और लगातार प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। वह पिछले आठ वर्षों से कोच मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। इस दौरान उन्होंने पुरुष खिलाड़ियों के साथ नेट प्रैक्टिस कर अपने खेल को और अधिक निखारा।
महक का क्रिकेट सफर सबेरा कप और शाला स्तरीय प्रतियोगिताओं से शुरू हुआ था। इसके बाद उन्होंने विभिन्न स्तरों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाई।

बीसीसीआई अंडर-19 इंडिया कैंप में भी उन्होंने अपने खेल और नेतृत्व क्षमता से चयनकर्ताओं एवं विशेषज्ञों को प्रभावित किया था। महक की सफलता में उनकी शिक्षिका मां की प्रेरणा, परिवार के अटूट विश्वास तथा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महक की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह तथा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
महक की इस उपलब्धि को राजनांदगांव जिले के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। खेल जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि उनकी सफलता जिले और प्रदेश की अन्य बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

.....

Next Post

बंगलादेश ने टेस्ट टीम में हृदोय को शामिल किया, ऑस्ट्रेलिया टी 20 के लिए तीन तेज़ गेंदबाज़ों की वापसी

Thu Jun 11 , 2026
ढाका, 11 जून (वार्ता) बंगलादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ तीन मैचों की टी20 सीरीज़ के लिए तस्कीन अहमद, नाहिद राणा और मुस्तफ़िज़ुर रहमान को टीम में वापस बुलाया है। यह सीरीज़ ऑस्ट्रेलिया के दौरे के मौजूदा वनडे चरण के खत्म होने के बाद चटगांव में खेली जाएगी। वहीं, तौहीद हृदय […]

You May Like

मनोरंजन