सीएम राइज स्कूल निर्माण से सड़क बनी दलदल

नारायणगंज: हालांकि नारायणगंज के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला टिकरिया में सीएम राइज स्कूल के निर्माण कार्य के चलते बच्चों की पढ़ाई में बड़ी बाधा आ रही है। पिछले दो वर्षों से चल रहे इस निर्माण कार्य के दौरान, ठेकेदार की कथित लापरवाही से स्कूल आने-जाने वाला रास्ता कीचड़ और दलदल में बदल गया है। बारिश के इस मौसम में सड़क की स्थिति और भी बदतर हो गई है, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का स्कूल तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्हें लगातार यह डर सताता रहता है कि इस कीचड़ के कारण कोई अनहोनी न घटित हो जाए। साथ ही स्कूल परिसर में भी हर तरफ कीचड़ फैल रहा है।

जानकारी अनुसार सड़क के कीचड़ में बदलने का मुख्य कारण ठेकेदार के भारी-भरकम वाहनों का लगातार आना-जाना और उसकी घोर लापरवाही है। निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा न तो सड़क पर मुर्रम बिछाई गई और न ही डस्ट डाली गई, जिससे कीचड़ को रोका जा सके। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार केवल अपनी जेब भरने में व्यस्त है और उसे छात्रों की परेशानी की कोई परवाह नहीं है।

बताया गया कि पिछले वर्ष भी प्रधानाध्यापक द्वारा ठेकेदार को रास्ते की मरम्मत करने या उसे आने-जाने लायक बनाने की हिदायत दी गई थी, जिससे कीचड़ की समस्या न हो। लेकिन ठेकेदार ने इन निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए केवल अपने पैसे बचाने पर ध्यान दिया। आज भी ठेकेदार के ट्रक, ट्रैक्टर और इंजीनियरों की गाडिय़ां लगातार इस रास्ते से गुजरती हैं, लेकिन उसने इस कीचड़ भरी दलदल को साफ कराने या मुरम डालने का कोई प्रयास नहीं किया है। जिसके कारण छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बड़ी मुश्किलों का सामना करते हुए स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या पर संबंधित अधिकारियों का ध्यान नहीं है।

Next Post

मिलावट करने वाले पेट्रोल पंपों पर हो सख्त कार्रवाई

Mon Jun 30 , 2025
इंदौर: हाल ही में रतलाम में मुख्यमंत्री के वाहन में ईंधन के साथ पानी भी पहुंच गया जिससे भ्रष्टाचार की पोल खुल गई कि किस तरह वह सौ रूपए लीटर पानी बेच रहे है और आम जनता को ठग रहे है. हर दिन का आंकड़ा लगाया जाए तो लाखों लीटर […]

You May Like