
सीधी। जिले के कुसमी थाना अंतर्गत ग्राम दुआरी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। दो बाईकों की आमने -सामने से हुई टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतकों में दो सगे भाइयों के साथ दूसरी बाइक का सवार भी शामिल हैं।सगे भाइयों के साथ बाइक में सवार 12 वर्षीय बहन आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही है। यह हादसा उस समय हुआ जब धूपगढ़ गांव निवासी सगे भाई अजीत सिंह पिता शिवराम सिंह 22 वर्ष और हीरालाल सिंह 24 वर्ष अपनी 12 वर्षीय फुफेरी बहन छोटी सिंह को ननिहाल से उसके गांव भरसेड़ी छोड़ने जा रहे थे। लेकिन यह यात्रा उनकी ज़िंदगी की आखिरी यात्रा बन गई। बुधवार शाम करीब 5.30 बजे रास्ते में जैसे ही उनकी बाइक ग्राम दुआरी के पास पहुंची, सामने से आ रही एक अन्य बाइक से जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अन्य बाइक सवार विजय बहादुर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हीरालाल सिंह ने रीवा ले जाते समय दम तोड़ दिया और अजीत सिंह की जिला अस्पताल मे मौत हो गई है। दोनों भाइयों की असमय मौत से धूपगढ़ गांव में मातम पसरा है। हादसे में उनके साथ बैठी बहन छोटी सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे तुरंत सीधी जिला अस्पताल लाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी से संघर्ष कर रही है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार डुहकुरिया गांव निवासी नीरज सिंह, ईश्वर सिंह और विजय बहादुर सिंह कुसमी तहसील से जाति प्रमाण पत्र बनवाकर लौट रहे थे। इसी दौरान ये हादसा हुआ। टक्कर में विजय बहादुर सिंह पिता राम बहादुर सिंह 27 वर्ष की मौके पर मौत हो गई, जबकि नीरज और ईश्वर घायल हुए। दोनों का इलाज जारी है, जिसमें ईश्वर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। कुसमी थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
