शिवपुरी: एक शख्स ने अपनी पत्नी से परेशान होकर कुछ ऐसा मांग लिया जिसे सुनकर कलेक्टर के होश उड़ गए. जिला मुख्यालय पर कलेक्टर के पास पहुंचे पति ने पत्नी से परेशान होकर इच्छामृत्यु की मांग कर दी. पीड़ित पति ने बताया कि उसकी पत्नी उसके पास नहीं रहती है, बुलाने पर भी नहीं आती है. आए दिन पत्नी दहेज एक्ट और अन्य फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी देती हैं.
मामला शहर के महल सराय पुरानी शिवपुरी का है, जहां के रहने वाले शाकिर खान ने शिकायत करते हुए बताया कि मेरी पत्नी फरजाना मेरे पास न रहकर मायके या किसी और जगह पर रहती है. जब मैं उसे बुलाता हूं तो वह नहीं आती है.
साथ ही आए दिन दहेज से लेकर अन्य फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देती है. पति का कहना है कि वह कई महीनो से पत्नी से प्रताड़ित है. इसके बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही. पत्नी आए दिन झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है. उसका कहना है कि आजकल कई मामले पत्नी द्वारा पतियों को मारने के सामने आ रहे हैं. उसे भी डर है कि उसकी पत्नी फरजाना भी उसे कहीं मरवा न दे.
