
ग्वालियर। ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर लौट रहे शिवपुरी के पार्षद के भाई पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप शिवपुरी नगरपालिका अध्यक्ष के पति और उसके साथियों पर है। बताया जा रहा है कि हमला नगरपालिका में चल रही गुटबाजी के चलते हुआ। भाजपा पार्षद ताराचंद राठौर और उनके भाई मनीष राठौर अपनी इनोवा कार में ग्वालियर से शिवपुरी लौट रहे थे। रास्ते में मोहना के बलराम होटल पर खाना खाने के लिए रुके। शिवपुरी नपा अध्यक्ष गायत्री शर्मा के पति संजय दुबे, ठेकेदार अर्पित शर्मा, और उसका भाई दीपू शर्मा गाली-गलौज करने लगे। मनीष ने विरोध किया तो मारपीट की। संजय ने मनीष की शर्ट फाड़ दी। जाते-जाते मारने की धमकी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही सभी बीजेपी पार्षद मनीष राठौर के साथ थाने पहुंचे। राठौर की शिकायत पर मोहना पुलिस ने संजय दुबे, ठेकेदार अर्पित शर्मा और उसके भाई दीपू शर्मा पर एफआईआर दर्ज कर ली है।30 से अधिक पार्षद ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलने ग्वालियर गए थे। इस मामले में ठेकेदार ने भी लिखित शिकायत की है।
