अमेरिका अफगानिस्तान की जब्त जमा धनराशि तत्काल जारी करेः मुत्ताकी

काबुल, 24 जून (वार्ता) अफगान तालिबान सरकार के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने अमेरिका से देश के विदेशी भंडार को तुरंत जारी करने का आह्वान किया है।

श्री मुत्ताकी ने कहा है कि अमेरिका द्वारा अफगानिस्तान की संपत्तियों को फ्रीज करना अवैध है और अमेरिका के फैसले ने अफगानिस्तान के आर्थिक विकास को बुरी तरह से बाधित कर दिया है। इसका असर पहले से ही खाली पड़े उसके खजाने पर पड़ रहा है।

उन्होंने इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) से भी अफगानिस्तान को उसकी सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों से लड़ने में मदद करने और अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाने के लिए अपने सभी संसाधनों का उपयोग करके मानवीय और धार्मिक कर्तव्यों को पूरा करने का आग्रह किया।

श्री मुत्ताकी ने कहा कि अफगानिस्तान में दो दशकों के युद्ध के बाद अमेरिका ने अफगानिस्तान के लोगों की राष्ट्रीय संपत्ति को फ्रीज कर दिया है, जिससे देश के प्राकृतिक आर्थिक विकास के लिए बड़ी चुनौतियां पैदा हो गयी हैं।

उन्होंने कहा, “मैं एक बार फिर इस्लामिक सहयोग संगठन और उसके सदस्य देशों से अपील करता हूँ कि वे अफ़गानिस्तान की ज़ब्त केंद्रीय बैंक परिसंपत्तियों को बिना किसी और देरी या बाधा के मुक्त करना सुनिश्चित करें।”

उन्होंने अफ़गानिस्तान के रणनीतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में इस्लामी देशों के बीच व्यापार और पारगमन के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनने की क्षमता है। एशिया के हृदय के रूप में पहचाना जाने वाला अफ़गानिस्तान इस्लामी देशों के बीच पारगमन, व्यापार और आर्थिक संपर्क के लिए एक प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में काम करने के लिए तैयार है। हम क्षेत्रीय संपर्क, ऊर्जा, रसद और निवेश जैसे क्षेत्रों में ओआईसी रणनीतिक आर्थिक एजेंडे के ढांचे में एक रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।

Next Post

ईरान के हमले से संरा महासचिव चिंतित, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव पर जताई गंभीर चिंता

Tue Jun 24 , 2025
संयुक्त राष्ट्र, 24 जून (वार्ता) ईरान की ओर से कतर के अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर दागे गये मिसाइल हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र (संरा) महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने गहरी चिंता जतायी है। महासचिव के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजारिक ने बयान में कहा कि श्री गुटेरेस मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और […]

You May Like