
अशोकनगर। शाढ़ौरा थाना अंतर्गत ग्राम झीला के खेतो में एक सिर कटी लाश मिलने सनसनी फैल गई और यह चर्चा का विषय बन गई। बताया जा रहा है जिस व्यक्ति की लाश खेत मेंं मिली है, वह अपने घर से चार दिनों से गायब था। जानकारी के मुताबिक रविवार की दोपहर को बारिश थमने के बाद जब गांव के ग्रामीणों ने खेतों की ओर रूख किया तो वहां पर लाश दिखी, जिसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। तो वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया , जहां उसका सिर कटा हुआ था। इस दौरान ग्रामीणों ने मृतक की पहचान शैतान पुत्र पप्पू अहिरवार के रूप में की, जो गांव का ही है। इस मामले में मृतक के परिजनों ने कहना है कि वह चार दिन पहले खेतों में मक्का की बोवनी करने के लिए गया था, जो वापस नहीं लौटा, तो वहीं उन्होंने बताया कि वह अक्सर अपने परिजनों और रिश्तेदारों से मिलने के लिए अन्य जगह चला जाता था, जिसकी बजह से उन्होंने फिक्र नहीं। वहीं संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने पर परिजनों द्वारा उसकी हत्या की आशंका जताई है। तो वहीं पुलिस ने इस मामले में मर्गकायम कर जांच में लिया है।
