निजामाबाद, 22 जून (वार्ता) तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के अध्यक्ष एवं सांसद महेश कुमार गौड़ ने रविवार को कहा कि कांग्रेस सरकार ने लोगों के आशीर्वाद से सत्ता में अपने डेढ़ साल पूरे कर लिये हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य के कल्याण और विकास के प्रति प्रतिबद्ध है।
श्री गौड़ ने निजामाबाद में कल्याण लक्ष्मी चेक वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वित्तीय बाधाओं के बावजूद सरकार ने राज्य के विकास और कल्याण पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के लिये निशुल्क बस यात्रा और सब्सिडी युक्त चावल देने जैसे वादों को पूरा कर रही है।’
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली पिछली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार की तीखी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि इसने राज्य को गंभीर कर्ज के जाल में धकेल दिया है। उन्होंने कहा ‘पिछली सरकार के दस साल के शासन के दौरान एक भी नया राशन कार्ड जारी नहीं किया गया। इसके विपरीत, कांग्रेस सरकार सभी के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 17 लाख नये राशन कार्ड जारी करने जा रही है।’
श्री गौड़ ने कहा कि 200 करोड़ रुपये की लागत से प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में एकीकृत स्कूल स्थापित किये जा रहे हैं।
