
ग्वालियर। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा है कि अगर युवाओं को खेल का नशा हो जाए तो वे जीवन में किसी भी नशे की गिरफ्त में नहीं आयेंगे। खेल के माध्यम से ही युवाओं का सर्वांगीर्ण विकास हो सकता है। उन्होंने कहा कि वे अभिभावक ही बधाई के पात्र हैं, जो अपने बच्चों को खेल मैदान भेजकर खेल के प्रति प्रोत्साहित करते हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बीती रात नगर निगम के बैडमिंटन कोर्ट में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दो दिवसीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देते हुए यह बात कही।
नगर निगम ग्वालियर, सामाजिक न्याय एवं रमन शिक्षा समिति के संयुक्त प्रयासों से 23 जून तक बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, कमांडिंग ऑफीसर दीपक भदौरिया, रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम, विश्वामित्र अवार्डी मनोज दुबे, नगर निगम के खेल अधिकारी सतपाल सिंह चौहान, सुश्री विजेता चौहान सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि ग्वालियर में नगर निगम के माध्यम से खेल सुविधाओं का अच्छा कार्य किया जा रहा है। निगम के खेल मैदानों पर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां अपने-अपने खेलों का अभ्यास कर विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्वालियर एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर रही हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों से कहा कि वे खेल भावना के साथ अपने खेल का प्रदर्शन करें। प्रतियोगिता में जीत – हार का कोई मतलब नहीं होता। आवश्यक होता है प्रतियोगिता में भाग लेना ।
