इजरायल का ईरान के परमाणु ठिकाने पर फिर बड़ा हमला करने, एक और कमांडर को मारने का दावा

तेल अवीव, 21 जून (वार्ता) इजरायली सेना ने शनिवार को दावा किया कि उसने इस्फहान तथा पश्चिमी ईरान में ईरान के यूरेनियम शोधन प्रतिष्ठान पर और करारे हमले किए है जिससे वहां भारी नुकसान हुआ है।

इजरायली प्रतिरक्षा बल (आईडीएफ) ने शनिवार शाम एक चित्र जारी किया है जिसमें एक बड़े परिसर में हवाई हमले से हुआ भारी विनाश दिखाई दे रहा है। आसमान से ली गयी यह तस्वीर इस्फहान यूरेनियम संवर्धन परिसर की बतायी गयी है।

आईडीएफ ने इस तस्वीर के साथ एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘रात भर हमने इस्फ़हान और पश्चिमी ईरान में परमाणु स्थल पर और घातक हमले किए। स्क्रीन पर आप उस स्थल को देख सकते हैं जहाँ संवर्धित यूरेनियम को और प्रसंस्कृत करने की प्रकिया संपादित की जाती है। यह परमाणु हथियार विकसित करने की प्रक्रिया का उन्नत चरण है। ”

आईडीएफ ने कहा है, ‘ हमने अभियान के शुरुआती चरण में ही इस प्रतिष्ठान पर हमला किया था और कल रात, अपनी उपलब्धियों को पुख्ता करने के लिए एक बार फिर व्यापक हमला किया। नवीनतम हमले के बाद अब यह स्थल इस तरह दिखता है।”

इजरायली सेना ने इससे पहले एक अन्य बयान में ईरान के एक और बड़े सैनिक अधिकारी कमांडर बेह्नाम शहरियारी को एक ड्रोन हमले में सटीक निशाना साथ कर खत्म करने का दावा किया। इजरायली सेना का दावा है कि शहरियारी ईरान की कड्स फोर्स के कमांडर थे जो ईरानी रिपब्लिकन गार्ड्स (ईरान की सेना) की हथियार पहुंचाने वाली इकाई है।

इजरायल का कहना है कि कमांडर शहरियारी पश्चिम एशिया में ईरान की शह पर काम करने वाले संगठनों को हथियार पहुंचाने के काम को देखते थे ताकि इजरायल को बर्बाद किया जा सके। वह ऐसे संगठनों को धन भी भेजवाने का काम करते थे।

आईडीएफ का दावा है कि उसने पश्चिम ईरान में बिना गये ही इजरायल से 1000 किलो मीटर दूर ईरान के इस सैन्य कमांडर को मार गिराया। आईडीएफ ने इस बयान के साथ ड्रोन हमले का वीडियो भी जारी किया है।

Next Post

रूस-यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान में रुकावटें पैदा कर रही हैं बाहरी शक्तियांः पुतिन

Sat Jun 21 , 2025
मास्को 21 जून (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दावा किया है कि बाहरी शक्तियां रूस -यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान में रुकावटें पैदा कर रही हैं। ये शक्ति अपने रणनीतिक लक्ष्यों की पूर्ति के लिए यूक्रेन का प्रयोग कर रही हैं। स्काई न्यूज अरबिया को दिये साक्षात्कार में […]

You May Like