टोक्यो, 20 जून (वार्ता) जापान के कई हिस्सों में झुलसाने वाली गर्मी का कहर जारी है। इस बीच मध्य गिफू प्रांत में लू लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी है। स्थानीय मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मीडिया के अनुसार, राज्य में गिफू प्रान्त के इक़ेदा शहर में गुरुवार को तेज गर्मी के बीच एक 90 वर्षीय व्यक्ति खेत में बेहोश मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय अग्निशमन विभाग के अनुसार, टोक्यो में कल रात नौ बजे तक 11 से 97 वर्ष की उम्र के 100 लोगों को लू लगने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत नाजुक है और दो की स्थिति गंभीर बनी हुयी है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) के अनुसार देशभर में कल तापमान में वृद्धि दर्ज़ की गयी तथा कुछ स्थानों पर लगातार तीसरे दिन 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तापमान दर्ज किया गया। कुल 900 से अधिक निगरानी केंद्रों में से 598 स्थानों पर तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। वहीं लगातार तीसरे दिन 56 जगहों पर तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।

