
सीहोर. जिले के आष्टा-कन्नौद रोड स्थित कन्नौद मिर्जी गांव के जोड़ के पास बुधवार रात एक अज्ञात कार चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. दुर्घटना इतना भीषण थी कि बाइक सवार युवक की घटना स्थल पर मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब मृतक अपनी बाइक की आष्टा में सर्विसिंग कराने के बाद वापस अपने गांव लौट रहा था. पुलिस के अनुसार नौगांव निवासी 38 वर्षीय दिनेश पिता प्रहलादसिंह मालवीय बाइक से आष्टा आया था. बताया जाता है कि काम निपटाने के बाद घर जा रहा था. उसके साथ एक अन्य व्यक्ति दूसरी बाइक से चल रहा था. कन्नौद मिर्जी जोड़ के पास उसकी बाइक में अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे राहगीरों की मदद से आष्टा शासकीय सिविल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. गुरुवार सुबह पीएम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया. बताया जाता है कि मृतक मिस्त्री का काम करता था. उसकी मौत से परिवार में मातम पसर गया है. पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है. इसी तरह पांच दिन पहले शहर के एसआर विहार कालोनी के समीप बाइक सवार रमेश चंद्र शुक्ला को टक्कर मारने वाले वाहन की आज तक पुलिस तलाश नहीं कर सकी है, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा पुलिस को बताया गया था कि वह वाहन पिकअप है जो विद्युत कंपनी में अटैच था.
