
इंदौर. जन्मदिन मनाने के लिए इंदौर से शाजापुर अपने घर लौट रहे एक छात्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. 21 वर्षीय देवेंद्र प्रताप सिंह निवासी ब्यावरा राजगढ़ का रहने वाला था. जो इन दिनों इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहा था, मक्सी बायपास पर हादसे का शिकार हो गया.
मिली जानकारी के अनुसार देवेंद्र के पिता केपी सिंह चौहान इंदौर हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं. देवेंद्र पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. वह बाइक से इंदौर से ब्यावरा अपने घर लौट रहा था, जहां परिवार के साथ उसका जन्मदिन मनाया जाना था. मक्सी बायपास पर तेज रफ्तार में चल रही उसकी बाइक का अचानक पिछला टायर फट गया. संतुलन बिगड़ने के बाद वह सामने चल रही एक कार से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देवेंद्र सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास के लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. मामले में पुलिस जांच कर रही है.
