दुबई, 19 जून (वार्ता) वेस्टइंडीज की महिला क्रिकेटर आलियाह एलीने और कियाना जोसेफ पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैंच में अम्पायर के फैसले से असहमति जताने पर जुर्माना लगाया गया है।
मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन का दोषी पाया गया है। यह “अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने’ से संबंधित है।
इसके लिए एलीने पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया। उन्होंने मैदानी अंपायर द्वारा आउट दिए जाने पर मैदान से बाहर जाने में देरी की।
जोसेफ को लेबल एक का दोषी पाये जाने पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया तथा उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में दो डिमेरिट अंक जोड़े गए।
एलीने और जोसेफ दोनों ने अपने-अपने अपराध स्वीकार कर लिया। इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं थी।
