
भोपाल। आदमपुर खंती में लगी आग के धुंए से होने वाले वायु एवं जल प्रदूषण से प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर लगाए गए. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,भोपाल एवं जिला जयप्रकाश चिकित्सालय के समन्वय से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का अयोजन किया गया. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी बी.एम. सिंह की उपस्थिति में यह आयोजित किया गया. परीक्षण शिविर में जिला चिकित्सालय के डॉक्टर्स, सर्जन, पैरामेडीकल एवं नर्सिंग स्टॉफ उपस्थित रहे.
मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में यह आयोजन किया गया. शिविर में उपस्थित ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ निःशुल्क दवाईयां भी वितरित की गई. यह शिविर आस-पास के समस्त प्रदूषण से प्रभावित व्यक्तियों के स्वास्थ्य जांच हेतु 18 से 24 जून तक लगातार आयोजित किया जाएगा.
