न्यूयॉर्क, 15 जून (वार्ता) अमेरिका में ट्रम्प प्रशासन ने आव्रजन एजेंटों को खेतों, रेस्तरां और होटलों में गिरफ्तारी बंद करने का निर्देश दिया है। सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह नीतिगत बदलाव इस चिंता के बीच किया गया है कि हालिया आव्रजन कार्रवाई से इन उद्योगों को नुकसान हो सकता है।
शनिवार को नाम न बताने की शर्त पर सूत्रों के हवाले से कहा गया कि ये उद्योग बड़े पैमाने पर अप्रवासियों के श्रम पर निर्भर हैं, जिनमें से कई अवैध रूप से अमेरिका में हैं।
यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार करने एवं निर्वासित करने के लिए पूरे देश के कार्यस्थलों पर छापेमारी तेज कर दी है।
आईसीई एजेंटों द्वारा प्रवासियों को खेतों और कार वॉश में हिरासत में लेने की घटनाएं पिछले सप्ताह सुर्खियों में रही हैं। प्रवासियों पर कार्रवाई के बाद लॉस एंजेलिस और न्यूयॉर्क सहित कई अमेरिकी शहरों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है।
प्रदर्शनों में हिंसा ने ट्रम्प प्रशासन को लॉस एंजेलिस क्षेत्र में नेशनल गार्ड के सदस्यों और सक्रिय-ड्यूटी मरीन भेजने के लिए मजबूर किया है, जबकि कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम और अन्य स्थानीय अधिकारियों ने इसका विरोध किया है। फिलहाल, वाशिंगटन आईसीई एजेंटों की सुरक्षा करने और विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए सैन्य सदस्यों का उपयोग जारी रख सकता है।
अमेरिकी जिला न्यायाधीश चार्ल्स ब्रेयर ने गुरुवार शाम फैसला सुनाया था कि ट्रम्प प्रशासन ने कैलिफोर्निया के नेशनल गार्ड को अवैध रूप से संघीय बना दिया है और संविधान का उल्लंघन किया है। इसके बाद नौवीं अमेरिकी सर्किट अपील अदालत ने आपातकालीन स्थगन जारी कर दिया।
